
नालागढ़ (सोलन)। परिवहन निगम नालागढ़ की अल्यौण रूट पर जाने वाली बस सेवा के नियमित रूप से न चलने से आहत ग्रामीणों ने निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुस्साए ग्रामीणों ने बस अड्डा नालागढ़ में परिवहन निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नालागढ़ के विधायक एवं परिवहन मंत्री को इस समस्या के बारे में सूचित किया।
ग्रामीणों के अनुसार इस रूट पर दोपहर बाद 1 बजे और शाम को 6 बजे दो बार बस चलती है और शाम के समय जाने वाली बस हमेशा ही नियमित रूप से नहीं चलती, जिससे क्षेत्र के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस रूट के तहत टिक्कर पनोह, बारियां, मालोआल, खेड़ा, सलेहड़ा, बुधाणा, खुईवाल, रतोड़वाला, कटली, अल्यौण के करीब 2500 से 3000 लोगों को लाभ मिलता है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि इस बस सेवा को नियमित नहीं चली तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को बाध्य होना पड़ेगा।
स्कूली बच्चे और कर्मचारी होते हैं परेशान
बारियां पंचायत के उप प्रधान संजय कुमार, बड़ुआ निवासी नानक चंद, रेणू, कृष्णा देवी, अल्यौण निवासी कमला देवी, गणेश दत्त, रामजी दास, देवी दत्त, राम दास, रतन सिंह, अमनदीप, भागो देवी, टिक्कर पनोह निवासी श्याम सिंह राणा, बारियां निवासी धनीराम कौशिक, खेड़ा निवासी मंजीत कौर, दिलीप, मंजीत सिंह, मनोहर लाल, बीर देई, रामकली, जमना, किरणा, मालोआल निवासी शंकर दास, तृप्ता, रती राम, शंकर दास, अशोक कुमार आदि के अनुसार स्कूली बच्चों व कामकाजी लोगों को सबसे अधिक समस्या उस समय होती है, जब शाम के समय वह बस लेने के लिए अड्डे पर आते हैं, लेकिन बस का कहीं कोई पता नहीं होता है। वहीं पंचायत उपप्रधान संजय कुमार ने कहा कि निगम अधिकारी भी उन्हें पूछने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं देते है।
रास्ता खराब होने से पेश आती है दिक्कत
विधायक केएल ठाकुर के अनुसार ग्रामीणों की इस समस्या के समाधान के लिए निगम के अधिकारियों से बात की गई है। वहीं एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के वर्कस मैनेजर जोगिंद्र चौधरी ने कहा कि बरसात के कारण रास्ता खराब होने के चलते ऐसी समस्या पेश आती है और इस रूट पर बस सेवा नियमित रूप से चल रही है।
