बस रोक कर सरेराह लहरा दी तलवार

सनवारा (सोलन)। ओवर टेक को लेकर शिमला-कालका एनएच-22 पर सनवारा के पास नशे में धुत्त युवकों ने खूब हंगामा किया। अमृतसर से शिमला आ रही एचआरटीसी बस को रास्ते के बीच रोक डाला और चालक के साथ-साथ सवारियों से भी हाथापाई की। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने गाड़ी में रखी तलवार निकाली और उसे लहराकर जान से मारने तक की धमकियां दीं। फिर बाद में मामला बिगड़ता देख मौके से रफू चक्कर हो गए। बस के चालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बस चालक सुनील कुमार पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव व डाकघर अंबोटा ने तहसील ऊना ने बताया कि वह अमृतसर से शिमला रूट की बस चला रहा था। दोपहर करीब सवा दो बजे से परिचालक रोशन लाल सहित वे सनवारा के पास पहुंचा। बस के आगे एक इनोवा गाड़ी सीएचटी-2992 चली हुई थी। जिससे यह पास लेने लगा तो इनोवा गाड़ी के चालक ने अपनी गाड़ी को बस के बराबर भगाने लगा। जब हार्न दिया तो अगली सीट पर बैठे व्यक्ति ने एक गिलास से शराब इसके ऊपर फेंक दी और चालक ने गाड़ी को बस के आगे तिरछी खड़ी कर दिया, जिसके कारण बस को रोकना पड़ा।
चालक के मुताबिक गाड़ी में से तीन नौजवान उतरे और एक ने उसे गले से पकड़ लिया और सीट से बाहर खींचते हुए खूब हाथापाई की। दो युवक बस की पिछली खिड़की खोलकर सवारियों के साथ बहसबाजी और हाथापाई करने लगे। तभी एक गाड़ी की तरफ भागा और तलवार निकालकर जाने से मारने की धमकियां देने लगा। इसके बाद तुरंत तीनों गाड़ी में सवार होकर रफूचक्कर हो गए। वहीं इस संबंध में डीएसपी निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई की जा रही है।

Related posts