बस में महिला से बदसलूकी

डरोह (कांगड़ा)। पालमपुर से हमीरपुर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में एक महिला से बदसलूकी करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने शराब पी रखी थी और युवक बस में बहुत शोर-शराबा कर रहे थे। बस में बैठी एक महिला ने उन्हें चुप बैठने को कहा और इस बीच वे दोनों महिला से उलझ गए। बात इतनी बढ़ गई कि युवक महिला से बदसलूकी करने लग पड़े।
ऐसे में बस में बैठे किसी व्यक्ति ने भवारना पुलिस को इस बात की सूचना दी। भवारना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस का पीछा किया तथा डरोह के पास बसकेहड़ गांव में बस को रोका और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर दो युवकाें को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि दोनों युवकों ने उसके साथ बदसलूकी की है। इस कारण बस को करीब एक घंटा देरी से रवाना किया गया। पुलिस ने दोनों युवकों का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts