बस ने छात्र को कुचला, मौत

खटीमा। झनकट में परवीन नदी के पुल के पास बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार बस ने तीसरी कक्षा के छात्र कमल (10) को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने थोड़ा आगे बस को रूकवाकर जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे बानूसी का रहने वाला कमल झनकट में परवीन नदी के पुल के पास सड़क पार कर रहा था। तभी खटीमा से किच्छा जाने वाली अनियंत्रित बस उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गई। आस पड़ोस के लोगों ने पीछा कर करीब 300 मीटर आगे झनकट मुख्य बाजार में बस को रूकवा लिया। भीड़ देख बस का चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ कर बस को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर जाम की स्थिति भी बन गई। सूचना पर सीओ और कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गुस्साई भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ जेएस पांगती ने बताया कि छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में छापेमारी जारी है।

Related posts