
रुड़की। शंकरपुरी गांव के पास बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक और बस यात्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमवार तड़के साढे़ चार बजे हुआ। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार सुबह हरिद्वार की ओर से सहारनपुर रोडवेज डिपो की बस यात्रियों को लेकर सहारनपुर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही बस दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर शंकरपुर-ब्रह्मपुरी गांव के पास पहुंची तो रुड़की की ओर से आ रहे एक ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक जयसिंह (38) पुत्र हरिसिंह निवासी बिलासपुर थाना गुड़गांव हरियाणा, बस चालक अकरम निवासी सहारनपुर समेत बस में सवार सतीश (22) पुत्र सतपाल निवासी सोंधाकलां थाना चिलकाना सहारनपुर, स्वतंत्र निवासी शाहजहांपुर, शमा निवासी बाजपुर जिला उधम सिंह नगर और नीरज निवासी सहारनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस हादसे के शिकार सभी घायलों को सिविल अस्पताल ले गई, जहां ट्रक चालक जयसिंह और सतीश कुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जेएस पुंडीर ने बताया कि ट्रक चालक गुड़गांव से माल लेकर हरिद्वार जा रहा था। जबकि बस हरिद्वार से सहारनपुर जा रही थी।
