बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

घुमारवीं/भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं-सुन्हाणी वाया बाड़ी करंगोड़ा सड़क पर शुक्रवार दोपहर के समय एक बाइक व निजी बस के बीच टक्कर हो गई। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हमीरपुर जिला के जजरी गांव निवासी सीताराम का 35 वर्षीय बेटा राकेश उर्फ बबलू शुक्रवार को मोटर साइकिल एचपी-21ए-1995 पर जा रहा था। घुमारवीं-सुन्हाणी वाया बाड़ी करंगोड़ा सड़क पर बाड़ी गांव के पास एक मोड़ पर बाइक की सामने से आ रही एक निजी बस एचपी-69-1285 से भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की इस टक्कर में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
राकेश को तुरंत घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। नाजुक हालत देख उसे वहां से रेफर किया जा रहा था। इसी बीच उसने दम तोड़ दिया। राकेश अभी कुछ दिन पहले ही दुबई से घर वापस आया था। बेटे के निधन से जहां मां-बाप सदमे में हैं, वहीं पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts