बस किराये में बढ़ोतरी पर भाजपा मुखर

चंबा। प्रदेश सरकार की ओर से बस किराये में की गई 30 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर चंबा भाजपा मुखर हो गई है। वीरवार को भाजपा की ओर से किराया बढ़ोतरी के खिलाफ शहर में रैली निकाली गई। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा ने उपायुक्त संदीप कदम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा और मांग की है कि बस किराये में की गई बढ़ोतरी को वापस लिया जाए। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश सचिव विनोद महाजन ने बताया कि जब तक सरकार किराया वृद्धि को वापस नहीं लेती, तब तक भाजपा का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण एक तो जनता पहले से ही महंगाई के बोझ तले दबी है। अब बस किराये में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर सरकार ने गरीब जनता पर अतिरिक्त आर्थ्क बोझ डाला है। मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद शांडिल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने हमेशा गरीब जनता के खिलाफ फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में महंगाई, भ्रष्टाचार और घोटाले चरम सीमा पर पहुंच गए हैं। भाजपा घर-घर जाकर लोगों को यूपीए और प्रदेश सरकार की जनविरोधी से अवगत करवाएगी। जनता कांग्रेस सरकार से तंग हो चुकी है और आने वाले समय में केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर भाजपा के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसबीर नागपाल, युवा मोर्चा के अध्यक्ष धीरज नरियाल, महामंत्री योग राज शर्मा, मंडल महामंत्री पवन शर्मा, महिला मोर्चा सचिव धन्नो देवी, संजय महाजन और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किराया बढ़ाकर आम लोगों पर डाला बोझ : जीयालाल
भरमौर (चंबा)। प्रदेश सरकार की ओर से बस किराये में की गई बढ़ोतरी को लेकर भाजपा मंडल भरमौर ने वीरवार को विरोध रैली निकाली। रैली पुराने बस अड्डे खडली से लेकर पट्टी तक निकाली गई। इस मौके पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके अलावा भाजपा ने महंगाई, भ्रष्टाचार को लेकर एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जीयालाल क पूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बस किराये में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर बोझ डाल दिया है। कांग्रेस सरकार हमेशा जनविरोधी रही है। सत्ता में आने से पहले उन्होंने प्रदेश के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस भत्ते को कौशल विकास भत्ता बना दिया। इससे युवा वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में यूपीए सरकार ने बागडोर संभाली है, तब से देश में महंगाई निरंतर बढ़ रही है। इससे आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष रवि जुलकान ने बताया कि आने वाला समय एनडीए का है। जिस तरह गुजरात विकास के मायने में देश में शिखर पर पहुंचा है वैसे ही नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनते ही देश उन्नति के पथ पर अग्रसर होगा। महामंत्री राकेश जरियाल ने कहा कि यूपीए सरकार घोटालों की सरकार बनकर रह गई है। इस सरकार ने घोटालोें में कई आयाम छू लिए हैं। इस अवसर पर मांगणी राम, चमन लाल शर्मा, सुभाष कुमार, मोनू शर्मा, शिव कुमार, अनिल कुमार, रमेश सुलाखरिया, विनोद कुमार और सुनील मौजूद रहे।

Related posts