
धर्मशाला। बस किराये में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कांगड़ा इकाई ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सीटू के कार्यकर्ताओं नेे जिलाधीश के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर किराया वृद्धि को वापस लेने की मांग भी की।
रैली के दौरान सीटू के राज्य कमेटी सदस्य सतपाल सिंह ने कहा कि बस किराया बढ़ने से गरीब लोगों को सफर करने में परेशानी पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द बस किराया बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग प्रतिदिन 15 से 20 किलोमीटर का सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोकल किराये में कमी की पर लंबे रूट के किराये को लेकर सरकार ने कोई भी फैसला नहीं लिया है। इसके चलते लोगों को लंबे सफर के लिए अधिक पैसा देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को लंबे सफर के किराया बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेना चाहिए। इस मौके पर जिला सदस्य जगदीश जग्गी, जिला इकाई सदस्य प्रताप चंद, हेमराज, बिट्टू, धनवीर, गोपाल और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
