बस किराया में वृद्धि जन विरोधी फैसला

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। मंडल भाजपा नगरोटा बगवां ने बस किराये में की गई 30 प्रतिशत वृद्धि को जनविरोधी फैसला बताते हुए इसे गरीब लोगों की जेब पर डाका करार दिया है। मंडल भाजपा अध्यक्ष डा. नरेश बिरमानी की अध्यक्षता में तथा जिला भाजपा अध्यक्ष हिंदवीर कोहली व महासचिव अनिल शास्त्री की विशेष उपस्थिति में आयोजित हुई बैठक में उपरोक्त बस किराया वृद्धि पर रोष व्यक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा पूरी तरह से प्रदेश की जनता के साथ है तथा आंदोलन करके इस किराया वृद्धि को वापस लेने के लिए प्रदेश सरकार को मजबूर करेगी। मंडल भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेश दीवान व रामपाल शर्मा ने बताया कि बैठक में खाद्य पदार्र्थों में की गई वृद्धि को गरीब जनता के साथ मजाक बताया। बैठक में रोष व्यक्त किया गया कि किसी महीने चीनी तो किसी महीने सरसों के तेल के कोटे में कटौती करके यह सरकार जनता को अपना असली चेहरा दिखा रही है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में भाजपा नेता मंगल चौधरी प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष अश्वनी गिल, जिला जनजाति मोर्चा महासचिव कबीर कपूर, गंगा राम तेजा, अमित शर्मा, राजेंद्र चौधरी एडवोकेट, प्रवेश चोपड़ा, राज कटोच व लक्ष्मी दत्त इत्यादि कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Related posts