बस किराया बढ़ोतरी पर वामपंथी ‘लाल’

मंडी। प्रदेश सरकार की ओर से बस किराये में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ वामपंथियों ने राज्यव्यापी आह्वान पर धरना प्रदर्शन और चक्का जाम किया। सोमवार को माकपा के लाल झंडे तले कामरेडों ने विरोध प्रदर्शन और एनएच-21 पर आईटीआई के पास करीब आधा घंटा चक्का जाम किया और प्रदेश सरकार और परिवहन मंत्री जीएस बाली के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला सचिव भूपेंद्र सिंह, परस राम, जोगिंद्र वालिया, रविकांत, जगदीश ठाकुर, सुरेंद्र सेन, जैवंती, हरदीप कौर, रमेश गुलेरिया, गुरूदास वर्मा और गोपेंद्र शर्मा ने किया। बस किराया वृद्धि के खिलाफ सेरी मंच पर एकत्रित होकर नारेबाजी की गई। इसके बाद लाल झंडों के साथ रैली निकालकर आईटीआई के बाहर एनएच-21 पर करीब आधा घंटा बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया। जिला सचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार तानाशाही तरीके से कार्य कर रही है। प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। बस किराये में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर और बोझ डाल दिया। इसे सहन नहीं किया जाएगा। अगर प्रदेश सरकार बढ़े हुए बस किराये को वापस नहीं लेती है तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। माकपा जिले में राज्य सरकार के खिलाफ जनजागरण जत्था निकाल कर लोगों को जागरूक करेगी। 12 नवंबर को शिमला में राज्य स्तरीय रैली होगी। प्रदर्शन के दौरान सीटू, किसान सभा, एसएफआई, नौजवान सभा, महिला समिति, रेहड़ी-फड़ी यूनियन और आईआईटी कमांद यूनियन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts