
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। एचआरटीसी चंबा डिपो के बस चालक ने एक कार चालक के खिलाफ हाथापाई करने के आरोप में रानीताल पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार शिमला-चंबा रूट पर एचआरटीसी चंबा डिपो की बस रविवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे रानीताल से जा रही थी।
रानीताल बाजार में त्रिमुखी मोड़ पर स्थित एक ढाबे के आगे पहले से ही एक अन्य बस सड़क किनारे पर खड़ी थी। उसी समय बस चालक ने खड़ी बस को क्रास करने की कोशिश की तो आगे से एक कार आ गई। इससे कार चालक को ब्रेक लगानी पड़ी। इसी बात को लेकर कार चालक बस चालक केवल सिंह से उलझ पड़ा। दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं हो गई। थोड़ी देर बाद दोनों के बीच चल रही बहसबाजी हाथापाई में तबदील हो गई। लोगों ने किसी तरह दोनों को छुड़ाया और पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बस चालक केवल सिंह की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने बस चालक की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
