
चंबा। बस अड्डे पर बीते तीन दिन से पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। इन दिनों मणिमहेश यात्रा चल रही है। ऐसे में बस अड्डे पर काफी भीड़ रहती है। रोजाना सैकड़ों यात्री बसों में चढ़ते और उतरते हैं। पानी की सप्लाई सुचारू नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस अड्डा प्रभारी केसर सिंह ने बताया कि कभी पानी आ रहा है तो कभी सप्लाई ठप हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला पिछले तीन दिनों से जारी है। हालांकि रविवार को विभाग के कर्मचारियों की ओर से पानी की सप्लाई ठीक कर दी है, लेकिन तीन दिन पानी नहीं आने के कारण यात्रियों को यहां-वहां भटकना पड़ा। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से मांग उठाई कि बस अड्डे पर पानी की सप्लाई सुचारू की जाए। उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता आरसी कपूर ने बताया कि इस संबंध में शिकायत उन्हें नहीं मिली है। विभाग की ओर से शहर में पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। खासकर बस अड्डा पर पानी की सप्लाई हर समय दी जा रही है।
