
मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने न सिर्फ संसद में बल्कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से लेकर केंद्र सरकार के अन्य मंत्रियों के साथ हिमाचली हकाें की पैरवी की है। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने, हवाई पट्टियों के विस्तार, औद्योगिक पैकेज बढ़ाने और किन्नौर आपदा के लिए केंद्रीय सहायता की मांग की है।
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्र सरकार के अन्य मंत्रियों ने उन्हें सहायता करने का पूरा भरोसा दिलाया है। सांसद निधि से निर्मित किए जाने वाले विकास कार्यों और योजनाओं का निर्माण कार्य धनराशि की स्वीकृति के तुरंत बाद आरंभ करने के आदेश दिए गए हैं। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में सड़कों की हालत में काफी सुधार किया है। बल्ह में हवाई अड्डे के मुद्दे को भी उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है। केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा बिल लाकर जनकल्याण के प्रति अपनी नीतियों को उजागर किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की आभारी हैं। इस योजना के लागू होने के बाद अब देश में कोई भी भूखा नहीं रहेगा। वे सभी 17 हलकों में जाकर लोगों का आभार प्रकट करने के साथ सांसद निधि का भी आवंटन करेंगी।
