
रिवालसर (मंडी)। बल्ह में किसानाें को बीज का आलू न मिलने के चलते परेशानियाें का सामना करना पड़ा रहा है। किसान कृषि विभाग के विक्रय केंद्रों के चक्कर पर चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनको बीज नहीं मिल रहा। भंगरोटू और नेरचौक में तीन दिन से सैकड़ों किसान आलू बीज के लिए विक्रय केंद्रों के चक्कर काट चुके हैं। किसानों का कहना है कि विभाग मनमानी कर उनको बीज मुहैया नहीं कर रहा है।
हालांकि, विभाग खुद इस बात को मान रहा है कि आलू के बीज की खेप पहुंच चुकी है लेकिन अभी किसानों को बीज वितरित नहीं किया जा रहा। गलमा महिला मंडल प्रधान लीला शर्मा, पुष्पा शर्मा, कमला, माया और कंचन आदि का कहना है कि बल्हघाटी के गलमा, कसारला, भंगरोटू तथा नेरचौक से सैकड़ों किसान आलू बीज के लिए विक्रय केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। भंगरोटू में ही टनों के हिसाब से विभाग की ओर से आलू का बीज उतारा गया है। बावजूद इसके अभी तक किसानों को एक किलो बीज भी उपलब्ध नहीं करवाया गया। पिछले तीन दिन से सैकड़ाें किसान विक्रय केंद्रों से खाली हाथ लौट रहे हैं। महिला मंडल प्रधान लीला शर्मा का कहना है कि विभाग के ढुलमुल रवैये से लगता है कि आलू बीज किसानों के बजाए दलालों को मुहैया करवाया जा रहा है। लोगों ने विभाग की मनमानी का आरोप लगाते हुए बीज जल्द मुहैया करवाने की मांग की है।
आरोप निराधार : पीसी सैणी
भंगरोटू स्थित कृषि ब्लॉक में तैनात कृषि विषयवाद विशेषज्ञ पीसी सैणी ने बताया कि 170 क्विंटल आलू बीज की खेप पहुंच गई है। इसका कृषि विक्रय केंद्रों को अभी वितरण किया जा रहा है। किसानों को उनके नजदीकी विक्रय केंद्रों से आलू का बीज दिया जाएगा। विभाग पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
