बल्ह में खुलेगा तहसील कार्यालय

मंडी। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की भाग्य रेखाएं होती हैं। यह बात उन्होंने बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत केहड़ में 66 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित पांच किलोमीटर लंबी सकरोहा-चौवाड़ी-रिगड़ सड़क का उद्घाटन करने के बाद रिगड़ में आयोजित जनसभा में कही।
उन्होंने बताया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक गांव को सड़कों से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में गागल-बरोहा-रिगड़ सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर 94 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निदान के लिए सात छोटी-बड़ी पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा पशु औषधालय कुम्मी व खांदला के निर्माण पर लगभग 15 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
प्रकाश चौधरी ने बताया कि बल्ह में तहसील कार्यालय खोला जा रहा है। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि बल्ह में ही उपमंडलाधिकारी, मंडी ग्रामीण के नाम से उपमंडल कार्यालय भी खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बल्ह में बहने वाले सभी खड्डों का चरणबद्ध ढंग से तटीकरण किया जाएगा। ताकि इस क्षेत्र के किसानों की बहुमूल्य भूमि को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने युवक मंडल रिगड़ के खेल मैदान के लिए एक लाख, गुरु रविदास प्रबंधन कमेटी रिगड़ को सराय भवन निर्माण के लिए एक लाख 50 हजार तथा संपर्क सड़क राजगढ़-फगलोह के निर्माण के लिए एक लाख 50 हजार तथा संपर्क मार्ग सतोहल के निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर बल्ह कांग्रेस के महासचिव रोशन लाल भारती, कोषाध्यक्ष हंसराज वर्मा, जिला परिषद सदस्य शकुंतला कश्यप, आबकारी एवं कराधान विभाग के अतिरिक्त सचिव, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता व लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सहित गण्यमान्य व्यक्तियों में कृष्णा चौधरी भी मौजूद थीं।

Related posts