
नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी में बारिश आफत बन कर बरसी है। सोमवार रात को क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से कई मकानों और दुकानों के भीतर पानी घुस गया। नागचला के पास नेशनल हाईवे बारिश के पानी से लबालब भर गया। इससे बल्ह क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। बल्ह क्षेत्र के नेरचौक, भंगरोटू, रती, नागचला, लूणापानी, भौर, गागल में कई घरों और दुकानों के अंदर पानी घुसने से सारा सामान खराब हो गया है। नेरचौक बाजार से डडौर तक नेशनल हाईवे जलमग्न हो गया। डीएवी स्कूल नेरचौक, गोयल आटो वर्कर्स, हरि सिंह गोयल, धर्मा ठाकुर, जगजीत इंडस्ट्रीज, बिट्टू इलेक्ट्रानिक्स, पप्पू सीट मेकर, जोगा करियाना स्टोर, नीलम ढाबा, कबाड़िया मार्केट की सभी दुकानों में दो से तीन फुट बारिश का पानी भरने से लोगों और व्यापारियों में अफरा-तफरी मची रही। भंगरोटू में बारिश के पानी से भंगरोटू डिपो में रखा सारा राशन खराब हो गया। पंचायत घर भी पानी व मलबा घुस गया। वेटरिनरी डिस्पेंसरी में भी तीन से चार फीट तक मलबा और पानी भर गया है। लूणापानी के करेढ़ी गांव में दर्जनों घरों में पानी घुस गया। भदाल, चलखा, मझयाटल गांव में बारिश आफत बन कर बरसी। चमन लाल, अन्नत राम, जय चंद, मुरारी लाल, खेम चंद, रणजीत सिंह, सुंदर लाल, बसंत सिंह, भवानी राम, राम चंद, हेम सिंह, वीरी सिंह का कहना है कि लूणापानी स्कूल के पास नाले में पानी का बहाव रुकने के कारण सारा पानी रिहायशी कस्बे की तरफ मुड़ गया। जिससे लोगों की फसल बर्बाद हो गई। भारी बारिश के कारण चाक गोहर, छातर, नरेघरवाहण, नेर-ढांगू, रती, डडौर, भंगरोटू, चौगान, लूणापानी की सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। तहसीलदार अजय पराशर का कहना है कि मेडिकल कालेज का निर्माण कर रही कंपनी, नेशनल हाईवे और आईपीएच विभाग को पानी के बहाव को सुचारु करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद ही रिलीफ मैनुअल के अनुसार राहत दी जाएगी।
