बल्ह के हर स्कूल में बनेगा साइंस ब्लॉक

नेरचौक (मंडी)। बल्ह खंड की अंडर-14 छात्र वर्ग की आठवीं खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलमा में आरंभ हो गई। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हर छात्र को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। प्रशिक्षकों से आह्वान किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाएं। युवा सेवाएं एवं खेल विकास के लिए इस वर्ष 24 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। बल्ह विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष अब तक एक करोड़ 70 लाख रुपये मनरेगा योजना के तहत खर्च किए जा चुके हैं।
रिवालसर डिग्री कालेज के भवन का निर्माण तीन करोड़ से किया जाएगा। बल्ह क्षेत्र के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में चरणबद्ध ढंग से साइंस ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके अलावा बल्ह क्षेत्र में राज्य सहकारी बैंक की 7-8 शाखाएं खोलने की योजना बनाई गई है। गलमा में भी बैंक की शाखा खोली जाएगी। गलमा में पुल निर्माण के लिए बारह लाख की डीपीआर तैयार की जा चुकी है तथा पुल का निर्माण भी शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले दिन मार्च पास्ट के खिताब पर गलमा स्कूल ने कब्जा किया। इस मौके पर गलमा स्कूल की प्रधानाचार्य प्रिय अंबिका ने खेलकूद प्रतियोगिता की जानकारी दी। इस दौरान एसएमसी के अध्यक्ष सोहन लाल, प्रधान ग्राम पंचायत गलमा रजनी नायक, पूर्व महामंत्री कांग्रेस जगदीश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य शंकर सैनी, जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य मोहन लाल, कन्हैया लाल, उप प्रधान गलमा पंचायत खेम चंद, पूर्व प्रधान उत्तम चंद ठाकुर, बीडीओ बल्ह प्रदीप कुमार, तहसीलदार अजय पराशर आदि मौजूद रहे।

Related posts