
लद्वाड़ा (मंडी)। बलद्वाड़ा डिग्री कॉलेज के मुद्दे पर सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आईं सांसद प्रतिभा सिंह को पहले ही दिन भाजपा के विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक कर्नल इंद्र सिंह की अगुवाई में भाजपाइयों ने सांसद प्रतिभा सिंह के बलद्वाड़ा पहुंचते उनका विरोध शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता कॉलेज के मुद्दे को लेकर नारेबाजी करते हुए बलद्वाड़ा बाजार में एकत्रित हो गए। हालांकि दोनों दलाें में किसी तरह का कोई टकराव नहीं हुआ लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बलद्वाड़ा में सांसद प्रतिभा सिंह का शनिवार देर शाम कार्यक्रम था। सांसद का कार्यक्रम शुरू हुआ ही था कि तभी विधायक कर्नल इंद्र सिंह की अगुवाई में करीब दो सौ भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बाजार में जमा हो गए। भाजपाइयाें ने कालेज के मुद्दे पर नारेबाजी शुरू कर दी तथा काले झंडे दिखाकर सांसद का विरोध करना शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताआें ने बलद्वाड़ा कॉलेज को बंद करने के लिए प्रदेश कांग्रेस सरकार को जिम्मेवार ठहराया। सरकार से कॉलेज को तत्काल बहाल करने की मांग भी उठाई। हालांकि भाजपा का यह काफिला सांसद तक नहीं पहुंच सका। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनाें दलाें के बीच करीब पचास मीटर से अधिक की दूरी को बनाए रखा। इस कारण बिना किसी टकराव के मामला कुछ देर बाद शांत हो गया। भाजपा के विरोध-प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष रूपलाल रत्न, दलीप ठाकुर, राजेंद्र भुट्टो और नानक चंद शर्मा सहित सहित करीब दो सौ से अधिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
काले झंडे दिखाकर नहीं मिलता कॉलेज
भाजपा के इस विरोध का सांसद प्रतिभा सिंह ने मंच पर भाषण देते हुए ही जवाब दिया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि काले झंडे दिखाकर कॉलेज नहीं मिलता। आरोप लगाया कि भाजपा लोगाें को गुमराह कर रही है। सांसद ने बलद्वाड़ा कॉलेज के मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का जनता को आश्वासन दिया।
