
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पर्यटक बर्फ का मजा उठाने में लगे हुए हैं। लेकिन स्थानीय लोगों के लिए कड़ाके की ठंड सजा बनी हुई है।
आलम यह है कि रात को पारा शून्य से भी नीचे लुढ़क रहा है। डलहौजी की पंजपूला झील जम चुकी है। पर्यटक यहां बोटिंग का मजा लेने आ रहे हैं, लेकिन बर्फ में तब्दील हो चुकी झील को देखकर उन्हें मायूसी हाथ लग रही है। झील के ऊपर चल कर पार किया जा सकता है। यहां के वाटर फाल जम चुके हैं। शाम होते ही कड़ाके की ठंड के कारण बाजार सूने हो जाते हैं। सुबह- शाम सड़कों पर कोहरा जमने से राहगीरों का चलना मुश्किल हो रहा है। माल रोड (ठंडी सड़क) पर जमी बर्फ को न हटाये जाने के कारण वाहन चालकों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चल रहे पर्यटक यहां फिसलकर गिर रहे हैं। स्थानीय निवासी अजय, रवि, कमलेश, संजय ने इन हिस्सों में जमी बर्फ हटाने की मांग की है। उधर, डलहौजी से खजियार की सड़क भी अभी बंद पड़ी है। मंगलवार को आसमान में घने बादल छाए रहे। इस कारण तापमान में गिरावट हो गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां फिर से बर्फबारी होगी। दिल्ली से आये पर्यटक पंकज ने बताया कि वह परिवार के साथ डलहौजी में बर्फ का मजा ही लेने आये हैं। उन्हें यहां काफी मजा आ रहा है।
