बर्फ पर वाहन फिसलने से एक की मौत, दूसरा घायल

गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी के लेहगला के पास मंगलवार तड़के एक ट्रक के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए थुनाग पीएचसी में भरती करवाया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर जमी बर्फ माना जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या एचपी 69 – ए 3839 सीमेंट लेकर जंजैहली जा रहा था। लेहगला के पास खोतानाला के पास सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे ट्रक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक मेवा सिंह पुत्र सूचा सिंह निवासी रूपनगर पंजाब की मौत हो गई। ट्रक में सवार 18 वर्षीय अजय कुमार निवासी नैनादेवी जिला बिलासपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। मृतक के परिजनों को फोन पर सूचित कर दिया है और हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा मंगलवार सुबह करीब सवा आठ बजे हुआ। हादसे का पता चलते लोग बचाव कार्य के लिए तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों ने ट्रक में जख्मी हालत में कहरा रहे युवक अजय कुमार को बाहर निकाला और थुनाग पीएचसी में भर्ती करवाया। पुलिस ने मृतक ट्रक ड्राइवर मेवा सिंह के शव को कब्जे में ले लिया है। एसपी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने मृतक के परिजनोें को दस हजार रुपये और घायल को पांच हजार की फौरी राहत प्रदान की।

Related posts