
रोनहाट (सिरमौर)। शिलाई-गत्ताधार मार्ग पिछले तीन दिनों से आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है। यह मार्ग हलांह के समीप बर्फबारी के चलते बीते दिनों बंद हो गया था। शिलाई से 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हलांह में बीते दिन हुई बर्फबारी से यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया था जिसके चलते पंचायत नाया पंजोड़, लोजा मानल के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोग गत्ताधार पहुंचने के लिए हलांह से नीचे पैदल मार्ग का प्रयोग कर रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों का चार किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीण बली राम, बाबू राम, सुरेंद्र सरस्वती, जगत राम शर्मा, राम भज, मनी राम, जगदीश कुमार, धर्मपाल आदि ने बताया कि गत्ताधार जाने के लिए लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हलांह के समीप चार दिन पूर्व बर्फबारी हुई थी जिसके चलते यह मार्ग अभी तक बंद है।
ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि से कई बार मार्ग खोलने को कहा गया है लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उधर इस संबंध में लोनिवि संगड़ाह के सेक्शन गत्ताधार में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मौके पर विभाग की लेबर को भेजा गया है। एक या दो दिनों के भीतर बर्फ हटाकर मार्ग आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
