
सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी) बर्फबारी से किन्नौर जिला में पथ परिवहन निगम को अब तक 1.25 करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है। हालत यह है कि करीब तीन माह से सड़कें बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीण रूटों पर बस सेवा नहीं चल पा रही है। इस कारण निगम को नुकसान हो रहा है।
बर्फबारी से निगम को दिसंबर माह से अब तक सवा करोड़ का नुकसान आंका गया है। बर्फबारी के बाद दिसंबर माह से अब तक जिला के अधिकांश ग्रामीण रूट बंद रहने से जहां जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा है। वहीं, निगम को भी करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। दिसंबर माह से अब तक बर्फबारी के कारण मुख्य मार्ग सहित जिले के कई अन्य ग्रामीण रूटों पर यातायात ठप है। वहीं, अभी भी जिले के निचार-बरी, उरनी-चगांव, काफनू, कल्पा-पांगी, सांगला-छोटा कंबा, जंगी-ज्ञाबुंग सहित एक दर्जन के करीब ग्रामीण रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही हो पा रही है। जिले के अन्य ग्रामीण रूटों पर भारी बर्फबारी और फिसलन के कारण निगम की बसों की आवाजाही नहीं हो पा रही है।
क्या कहना है निगम अधिकारियों का
पथ परिवहन निगम रिकांगपिओ के आरएम डीएस रघु ने अभी तक जिले के करीब 12 ग्रामीण रूटों पर ही बसें चलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य ग्रामीण रूटों पर लगातार हो रही बर्फ भारी और फि सलन के कारण जिले के कई ग्रामीण मार्गों की हालत अच्छी नहीं है। इस कारण इन रूटों पर बसें नहीं भेजी जा सकी हैं। उन्होंने कहा कि रिकांगपिओ डिपो को पिछले तीन माह से अब तक 1.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
