
रामपुर बुशहर/(संदीप वर्मा/कमलेश)कुमारसैन। बारिश और बर्फबारी के चलते नारकंडा में एनएच एक बार फिर बंद हो गया है। इस कारण बसों को वाया बसंतपुर और सुन्नी होकर भेजा जा रहा है। सोमवार रात से शुरू हुई बर्फबारी मंगलवार दोपहर तक नौ इंच तक दर्ज की जा चुकी है, जबकि रामपुर से रोहडू और रामपुर से दरकाली रोड़ भी बंद हो गया है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियां हो रही हैं।
आरएम रामपुर गुरबचन सिंह ने कहा कि बर्फबारी के चलते बसों को वाया सुन्नी और बसंतपुर होकर भेजा गया। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में सोमवार शाम से ही बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई थी। सुबह होते होते नारकंडा में बर्फबारी नौ इंच तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा रामपुर की नोग वैली, ननखड़ी, काशापाठ व दरकाली सहित अन्य क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है।
वहीं बर्फबारी और बारिश बागवानों के लिए भी परेशानी लेकर आई है। बागवानों में प्रकाश, सुनील, हरीश, सुरेश व बंटी ने कहा है कि यह बारिश और बर्फबारी उनके लिए अभिशाप बन कर आई है क्योंकि मौसम ठंडा होने से इसका असर फ्लावरिंग पर भी पड़ रहा है। बागवानों का कहना है कि अगर समय पर सही फ्लावरिंग नहीं हो पाएगी तो इससे फसल को भी नुकसान पहुंचेगा, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
