
धर्मशाला। लगातार बारिश और हिमपात के चलते बरोट और मुल्थान शेष विश्व से कट गए हैं। यहां पर संपर्क मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। अब मौसम के खुलने के बाद ही सड़कें यातायात के लिए बहाल हो पाएंगी। वहीं, इन इलाकाें में लाइट भी गुल है। इससे लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है।
रुक-रुक कर हो रही बारिश से जिला भर में शीतलहर तेज हो गई है। उधर, धौलाधार की पहाड़ियों में भी बर्फबारी जारी है। कांगड़ा के बरोट और मुल्थान में एक फुट तक बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी के बाद इलाके में ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग आग सेंक कर समय व्यतीत कर रहे हैं। बारिश लगातार जारी रहती है तो मैकलोडगंज में भी बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, नड्डी में करीब 10 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। बुधवार शाम को मैकलोडगंज में तेज बारिश के चलते बाहरी राज्यों से घूमने आए पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के कारण बरोट-बड़ाग्रां और बरोट-लुहारड़ी मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया है। इससे बरोट और मुल्थान अन्य जगहों से कट गया है। लोगों दीप चंद, राजू, अक्षु शर्मा, बोबी मेहरा ने बताया कि बारिश के कारण ठंड काफी बढ़ गई है। बारिश जारी रही तो लोगों को काफी परेशानी पेश आ सकती है। उधर, धर्मशाला में दुकानदारों रमेश कुमार, चरण जीत, मनोज कुमार ने बताया कि बारिश के कारण बाजारों से लोगों की रौनक कम हो गई है। इक्का-दुक्का लोग ही खरीददारी करने पहुंच रहे हैं। वहीं, बरोट और मुल्थान में बिजली भी गुल है। बारिश बीजी गई फसलों के लिए अच्छी बताई जा रही है। कृषि विभाग के उप निदेशक डा. सोनी ने बताया कि बारिश से बीजी की गई फसलें जल्द अंकुरित होंगी।
