
ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। आईपीएच विभाग के इंदौरा मंडल के अंतर्गत बरोटा-ठाकुरद्वारा पेयजल योजना के तीन दिन से ठप होने के चलते ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस पेयजल योजना से बरोटा, ठाकुरद्वारा और बकराड़वा पंचायतों की तकरीबन 5 हजार ग्रामीण आबादी को पानी की सप्लाई होती है। लेकिन, पेयजल योजना की हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि साल में करीब दो माह तक यह बंद रहती है। संबंधित आईपीएच महकमा भी हर बार पानी की ज्यादा खपत होने के कारण नया बोर करने की बात कहकर ग्रामीणों को टालता आ रहा है। क्षेत्र के लोगों बलवीर सिंह, मंगा राम, रामप्यारी, शोभा रानी आदि का कहना है कि पेयजल योजना के ठप होने के बाद उनको हैंडपंपों का पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में प्राकृतिक स्रोतों का पानी दूषित होने के चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से वाटर टैंकर के माध्यम से पानी की सप्लाई मुहैया करवाने की मांग की है। आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता ओम स्वरूप ने बताया कि मोटर जलने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हुई है। जल्द ही इसकी मरम्मत करवाकर पानी की आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।
