
धर्मशाला। मौसम में आ रहे बदलाव के कारण लोगों को बरसाती बीमारियों ने जकड़ना शुरू कर दिया है। सबसे अधिक लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा धर्मशाला अस्पताल में डायरिया से ग्रस्त मरीज भी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
धर्मशाला अस्पताल में इस समय बुखार से पीड़ित 30 के करीब मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, शिशु वार्ड में भी बच्चे डायरिया और बुखार की चपेट में आने के कारण उपचाराधीन चल रहे हैं। ओपीडी में रोजाना बुखार से पीड़ित 70 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। इसके अलावा 20 से 25 मरीज डायरिया से ग्रस्त मरीज चेकअप के लिए आ रहे हैं। वहीं, बरसात के मौसम में लोग स्किन इंफेक्शन की चपेट में आ रहे हैं। स्किन इंफेक्शन से ग्रस्त 80 से 100 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। दमा बीमारी से ग्रस्त मरीज भी पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो मौसम में बदलाव के कारण लोग ज्यादा बीमार हो रहे हैं। बीमारी मरीजों का चेकअप करने के बाद दवाई देकर घर भेज दिया जा रहा है, जबकि कुछेक सीरियस मरीजों को दाखिल भी किया जा रहा है।
उधर, सीएमओ डा. ध्रुव एस. गुरुंग ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। बुखार से पीड़ित मरीज अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। कुछेक सीरियस मरीजों को उपचार के लिए दाखिल किया गया है।
ओपीडी बढ़ी
चर्म रोग विशेषज्ञ डा. अंजू शर्मा ने बताया कि फंगस इंफेक्शन के चलते मरीज ज्यादा उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हर रोज 80 से 100 के करीब मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्किन को बीमारी से बचाने के लिए स्वच्छ जल का प्रयोग करें। बीमारी की स्थिति में तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।
बरतें सावधानी
सीएमओ डा. ध्रुव एस. गुरुंग ने बताया कि बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से चेकअप करवाएं। पानी को उबाल कर पीएं। साथ ही लोग संतुलित भोजन लें। इससे लीवर में इंफेक्शन नहीं होता है।
