
धर्मशाला। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने बरवाला पंचायत का दौरा किया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत बरवाला के वार्ड नंबर 4, 5 और 6 की अतिरिक्त पंचायत बनाई जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत मनेड को बगली पटवार सर्कल के साथ जोड़ा जाएगा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत मनेड़ में 10 तथा बरवाला में पांच सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। पासू, मनेड व चैतड़ू में सात कूहलों को पक्का किया जाएगा। मनेड़ व बरवाला में तीन हैंडपंप स्थापित करके लोगों को पेयजल समस्या से निजात दिलाई जाएगी। सुधीर ने मनेड में प्राथमिक पाठशाला में तीन नए कमरों के निर्माण एवं मनेड़ के पुराने खेेल मैदान के सुधार के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। बरवाला वार्ड नंबर-5 में शमशानघाट के निर्माण एवं रास्ते को पक्का करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मनेड़ के प्रधान मलकीयत सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और पंचायत की समस्याओं के बारे अवगत करवाया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी डॉ. हरीश गज्जू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पप्पी, महासचिव राकेश राणा, युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रजनीश पाधा, विजय कर्ण, जिला परिषद सदस्य हरभजन सिंह, पंचायत समिति सदस्य अरुण डोगरा के अतिरिक्त कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
