बरमाणा ट्रक मालिकों का हंगामा

बरमाणा (बिलासपुर)। सीमेंट डंपों पर अनलोडिंग समस्या से जूझ रहे ट्रक आपरेटर भड़क उठे हैं। बीडीटीएस ट्रक आपरेटरों ने वीरवार को बरमाणा में पुकार हाल में करीब डेढ़ घंटा तक डिमांड बाधित रखी। पुकार हाल में इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद में बीडीटीएस कार्यकारिणी की ओर से समस्या का जल्द समाधान किए जाने के आश्वासन के बाद दोबारा डिमांड शुरू कर दी गई।
पूर्व महासचिव शमशेर चंद, पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल हैप्पी, ध्यान सिंह ठाकुर, प्रेम लाल ठाकुर, अशोक ठाकुर, आरआर शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सीमेंट डंपों पर ट्रक आपरेटरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डंपों पर समय पर अनलोडिंग नहीं हो रही है। इससे आपरेटरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में तो सीमेंट खराब होने का भी खतरा रहता है। इस दौरान जो सीमेंट के बैग क्षतिग्रस्त हुए होते हैं। डंप मालिक उन्हें स्वीकार करने से इनकार करते हैं। इसका खामियाजा आपरेटरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बीडीटीएस कार्यकारिणी को आपरेटरों के हितों सुरक्षा करने के चलते कमान सौंपी गई थी। लेकिन वर्तमान कार्यकारिणी नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने बीडीटीएस कार्यकारिणी से मांग की है कि आपरेटरों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
उधर, इस बारे में बीडीटीएस महासचिव राजपाल गौतम ने कहा कि बीडीटीएस प्रधान लेखराम वर्मा अस्वस्थ चल रहे हैं। डंपों में आ रही अनलोडिंग की समस्या उनके ध्यान में हैं। समस्या के समाधान के लिए डंप मालिक संपर्क में हैं।

Related posts