
बम्म (बिलासपुर)। विकास खंड घुमारवीं के अंतर्गत बम्म-पंतेहड़ा क्षेत्र में रसोई गैस का संकट उत्पन्न हो गया है। क्षेत्र के उपभोक्ता पिछले डेढ़ माह से घरेलू रसोई गैस के इंतजार में हैं। उन्हें अभी तक उन्हें गैस सप्लाई नहीं मिल पाई है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रसोई गैस सप्लाई नहीं मिलने के कारण गृहिणियों को दो वक्त का खाना भी मुश्किल भरा हो गया है। उपभोक्ता लश्करी राम, मनसा राम, नंदलाल, रवि शर्मा, वीना देवी, सावित्री देवी, कमला देवी, रोशनी, मीना देवी, कुलवीर, मनोज कुमार, बंशी राम, कर्मचंद, रामलाल, भाग सिंह, पंचायत प्रधान बम्म राजेश्वरी देवी, उपप्रधान कुलदीप सिंह, पंतेहड़ा पंचायत प्रधान कांता देवी, उपप्रधान प्रेमलाल ने कहा कि लंबे समय से उन्हें रसोई गैस की सप्लाई नहीं मिल पाई है। वर्तमान में उनकी समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। कई बार गैस सप्लाई गाड़ी की सूचना मिलने पर घर से गैस सिलेंडर उठाकर सड़क किनारे पहुंच जाते हैं। लेकिन बाद में उन्हें मायूस होकर खाली हाथ ही घर वापस जाना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाए।
उधर, गैस एजेंसी घुमारवीं के प्रभारी कुलदीप सिंह कटवाल ने कहा कि सप्लाई नहीं आने के कारण समस्या पैदा हुई है। जैसे ही सप्लाई आएगी। उपभोक्ताओं को गैस वितरित कर दी जाएगी।
