
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत बस स्टैंड वार्ड नंबर एक में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इस बार बरसात की पहली बारिश के दौरान करेलनू से बनीखेत का मुख्य पेयजल स्रोत मलबे तले दब गया। इसके चलते पिछले बीस दिनों से क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। हालांकि बीच-बीच में पानी आ रहा है, लेकिन पानी मटमैला होने के कारण पीने योग्य नहीं है। इसके अलावा वार्ड नबंर एक के आसपास कहीं पर भी पेयजल स्रोत नहीं है। इस कारण स्थानीय वाशिंदों को पानी के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा बाहर से आने वाले यात्री दुकान से पानी खरीदने को मजबूर हैं। व्यापार मंडल के प्रधान राजेश शर्मा, महिंद्र सिंह, सुभाष शर्मा, बिमल शर्मा, जोगिंद्र सिंह, मनोहर सिंह, बजीरू राम, सुरेंद्र बैरी, किशन लाल, देवी सिंह, मीना कुमारी, सरोज कुमारी और रजनी शर्मा ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत करवाया गया है, लेकिन बीस दिन से समस्या जस की तस है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आईपीएच विभाग से मांग की है कि बनीखेत के वार्ड नंबर एक के लिए पानी की आपूर्ति सुचारु की जाए। इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में नहीं है। उन्होंने कहा कि एसडीओ को निर्देश दिए जाएंगे और जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
