बनाला में पैर फिसलने से कामगार की मौत

नगवाईं (मंडी)। बनाला में बन रहे पावर ग्रिड में काम करने वाले एक कामगार की मौत हो गई है, जबकि एक मजदूरघायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही औट पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार को पावर ग्रिड में टावर लाइन का काम चल रहा है। दोपहर डेढ़ बजे लंच के दौरान मजदूर अपने डेरे की तरफ जा रहे थे। अचानक सड़क में चलते हुए साथ ही डंगे से एक मजदूर जोगिंद्र राजभर पुत्र मोती राजभर निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया। हादसे में उसका सिर पत्थर से टकराने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका बचाव करने के चक्कर में एक अन्य कामगार नीरस निवासी आजमगढ़ भी गिर कर घायल हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। औट थाना के मुख्य आरक्षी खेमचंद ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।

Related posts