
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बद्दी के चौकीदार जीत राम को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। चौकीदार पर ड्यूटी में कोताही बरतने पर विभाग ने यह फैसला लिया है। इस दौरान उसे जिला मुख्यालय स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय से संबंध कर दिया है।
21 जनवरी को बद्दी विद्यालय की प्रधानाचार्य का कार्यालय उस समय जल गया जब चौकीदार जीत राम रात्रि की ड्यूटी दे रहा था। बताया जा रहा है कि चौकीदार रात को सोया रहा और कुछ शरारती लोगों ने प्रधानाचार्य के कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। चौकीदार को उस समय पता चला जब कमरा पूरी तरह से जल गया था। जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई है। आग से कार्यालय रखे सोफे, टेबल, रूम कूलर, कुर्सियां, फ्रिज, परदे और इनवर्टर आदि जल कर राख हो गए। अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, जिसमें वे सफल नहीं हो पाए। स्कू ल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना पुलिस को भी दी है। पुलिस विभाग भी इसकी छानबीन कर रहा है।
वहीं इस संबंध में शिक्षा विभाग के उपनिदेशक गुरदयाल सिंह बग्गा का कहना है कि चौकीदार जीत राम को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निलंबित कर दिया गया है। चौकीदार को उपनिदेशक कार्यालय से संबंध कर दिया है। वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य मीना अग्रवाल ने निलंबन आदेश मिलने की पुष्टि की है।
