
बद्दी (सोलन)। बद्दी-साईं मार्ग पर दावत चौक के समीप एक पांच माह का भ्रूण पुलिस ने सड़क से बरामद किया है। भ्रूण बारिश के पानी के साथ बहता हुआ सड़क पर दिखाई दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भ्रूण लड़के का है। इसके सैंपल डीएनए टेस्ट के लिए भेजे जा जा रहे हैं।
वीरवार को बीबीएन क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश के बाद नालियों में सड़क पर काफी तेज पानी आया। अचानक गंदे पानी की नाली से एक पांच माह का भ्रूण भी बह कर दावत चौक के समीप नाली बंद होने से पानी के साथ बह कर सड़क पर आ गया। पहले तो किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। लेकिन बारिश बंद होने के बाद जब सड़कों से पानी हट गया तो सड़क पर भ्रूण को देखा तो देखते ही देखते सड़क पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। इस बीच कुछ लोगों ने बद्दी पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेज दिया गया है। एसपी अरूल कुमार ने बताया कि भ्रूण के सैंपल लेकर डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने धारा 312 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
