
बद्दी (सोलन)। बद्दी के एसपी अरूल कुमार ने बीबीएन में हर थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र की झुग्गियों की रूटीन में चेकिंग करने के आदेश दिए हैं। अभी पुलिस ने तीन सौ झुग्गियों की जांच पूरी कर ली है। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है।
एसपी अरूल कुमार ने बताया कि अभी तक बद्दी थाना के तहत डेढ़ सौ, बरोटीवाला में सौ और नालागढ़ में 50 झुग्गियों की जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान बद्दी में दो प्रवासी कामगारों के पास देसी कट्टे भी बरामद हुए हैं। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन लोगों की कोई पहचान नहीं है। पुलिस उनका वेरिफिकेशन के बाद पंजीकरण करेगी। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी लोगों को पंजीकरण पूरा नहीं होता है। एसपी ने बताया कि शीघ्र ही बीबीएन में पुलिस हर थाने को बीट में बांटेगी। हर बीट में पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा। इन जवानों की संबंधित बीट के प्रति जवाबदेही रहेगी। अगर बीट में कोई घटना होती है तो उसकी सूचना उसी समय बीट में तैनात पुलिस जवानों को लग जाएगी, जिससे चोरों को पकड़ने में आसानी रहेगी। बीट में आने वाले सभी प्रवासी कामगारों का पुलिस पंजीकरण भी कराएगी।
