बद्दी में अपहरण के बाद युवती से सामूहिक दुराचार

बद्दी (सोलन)। देवभूमि में दुराचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन प्रदेश के किसी न किसी हिस्से से ऐसी घटनाएं सामने आने से लोग चिंतित हैं। हमीरपुर में गैंगरेप की घटना के बाद अब औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भुड्ड गांव में कांगड़ा जिले की युवती को अगवा कर दो युवकों ने उसके साथ दुराचार किया है। बाद ने दोनों युवक युवती को सड़क पर फेंककर कर मौके से फरार हो गए हैं। युवती के बयान पर बद्दी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 25 मई की शाम करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती अपनी गाड़ी से बद्दी से नालागढ़ जा रही थी। करीब 8 बजे जैसे ही वह भुड्ड गांव पहुंची तो कांगड़ा जिले के ही एक आरोपी ने उसका रास्ता रोका और उसे जबरन अपनी सफारी गाड़ी में बैठा लिया, जबकि उसकी गाड़ी को एक अन्य युवक चला कुछ दूर आगे तक लाया। आरोप है कि निखिल उसे भुड़्ड गांव में एक फैक्टरी के पीछे सुनसान जगह पर ले गया जहां पर उसने उसके साथ जबरन दुराचार किया। उसके बाद उसके साथी ने उसे हवस का शिकार बनाया। दोनों युवक दुराचार करने के बाद उसकी गाड़ी की चाबी फेंक कर वहां पर फरार हो गए। किसी तरह वह अपने गाड़ी से अपने नालागढ़ स्थित किराये के मकान में पहुंची।
डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने धारा 376, 341, 363 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है। युवती ने पुलिस को एक आरोपी का मोबाइल नंबर भी दिया है, लेकिन मोबाइल नंबर स्विच आफ चल रहा है। शीघ्र ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Related posts