
बद्दी (सोलन)। चाकूबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। बीबीएन में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बद्दी पुलिस ने तीन विशेष शिफ्ट रिजर्व टीमें गठित की हैं। यह टीम आर्म्स और अम्यूनेशन से लैस होगी। एसपी के निर्देश मिलते ही टीम तुरंत रिस्पांस करते हुए घटनास्थल तक पहुंचेगी। अभी तक बीबीएन में थाना व चौकी प्रभारी के जांच अधिकारी ही घटना होने पर मौके के लिए रवाना होते थे। एसपी अरुल कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि गठित टीम में 9 पुलिस कर्मी होंगे। यह सभी पुलिस कर्मी चालक समेत हर समय तैयार रहेंगे। जैसे ही निर्देश जारी होंगे टीम बस में सवार हो कर घटना स्थल के लिए उसी समय रवाना होगी। वहां पर स्थिति को काबू करने में जुटेगी। इंस्पेक्टर प्रकाश चंद को एक शिफ्ट का इंचार्ज बनाया गया। वहीं इसके अलावा दूसरी शिफ्ट में सब इंस्पेक्टर ओमचंद तथा तीसरी शिफ्ट में मुख्य आरक्षी योगेश कुमार को टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं बद्दी व बरोटीवाला क्षेत्र के बीट सिस्टम में बांटा गया था। बीट में तैनात जवान अपनी बीट में जाते थे, लेकिन बीत रात नशे में धुत्त कालेज व आईटीआई के छात्रों ने जो उत्पात मचाया उसे देखते हुए एसपी बद्दी ने विशेष टीमों का गठन किया है। यह टीमें हमेशा तैयार होकर बद्दी थाने में ही बैठी रहेंगी। सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र की ओर कूच कर जाएंगी। उन्होंने बताया कि बीबीएन में बढ़ रही लूट व चोरी को घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष दल गठित किए है जो हर समय तैयार रहेंगे। सूचना मिलते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो जाएंगे। यह सभी जवान आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।
