बदहाल बिजली व्यवस्था पर भड़के विस उपाध्यक्ष

सांगला (किन्नौर)। विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में बिजली की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की। व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
विस उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी सोमवार को राज्य सहकारी बैंक के एटीएम उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भावानगर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि सीएचसी में लोगों को बेहतर उपचार सुविधा मिले, इसके लिए यहां चिकित्सकों समेत तमाम सुविधाएं जुटाई जाएगी। उन्होंने सीएचसी में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश बिजली बोर्ड को दिए। कहा कि रोगियों और कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए बिजली की समस्या को तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए। उन्होंने चिकित्सकों और अन्य कर्मियों से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कहा। उन्होंने अस्पताल की समस्याओं को प्रमुखता से हल करने का आश्वासन भी दिया।

भावानगर में खुला सरकारी बैंक एटीएम
सांगला (किन्नौर)। राज्य सहकारी बैंक ने किन्नौर जिले के भावानगर में एटीएम सेवा शुरू की है। सोमवार को विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्टेट कोआपरेटिव बैंक राज्य का अपना बैंक है। लोगों को अन्य बैंकाें की तरह इस बैंक की सेवा का भी लाभ उठाना चाहिए। एटीएम खुलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी यहां पैसे निकालने की सुविधा हासिल होगी। इस मौके पर राज्य सहकारी बैंक के महाप्रबंधक एसएस नेगी, जिला प्रबंधक पीपी चौहान, शाखा प्रबंधक दिल बहादुर, कापरेटिव बैंक उपाध्यक्ष पितांबर दास, कांग्रेस उपाध्यक्ष पदमपुर नेगी, निचार प्रधान बलवंत नेगी, शिव कुमार, नरेंद्र सिंह, मणी राम राठी, राज्य विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता (उत्पादन)महेश सिंघल, आवासीय अभियंता विमल नेगी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे

Related posts