
बरोट (मंडी)। भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए कार्य यदि अप्रैल तक शुरू नहीं किए तो आंदोलन होगा। रविवार को बरोट में भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा कि भाजपा पूर्व सरकार के बंद किए गए कार्याें को लेकर संजीदा है तथा उन्हें मौजूदा सरकार के कार्यकाल में ही मुक्कमल करवाने को लेकर हरसंभव प्रयास करेगी। उन्हाेंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पूर्व सरकार के कार्यों एवं योजनाओं को बदले की भावना से रोक रखा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार का एक साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। इस बीच द्रंग के विधायक स्वास्थ्य मंत्री रहते एक भी बड़ी योजना हलके के लिए नहीं ला पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक वर्ष के कार्यकाल में जो भी उद्घाटन हुए वे भाजपा के कार्याें के ही हुए। जवाहर ठाकुर ने कहा कि चौहारघाटी तथा टिक्कन में लोग कालेज की मांग कर रहे हैं। टिक्कन में सब्जी मंडी न होने से किसानाें को समस्या आ रही है, जबकि द्रंग क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से उबारने की भी लोगाें की मांग रही है, लेकिन विधायक ने लोगाें की मांगाें को अनदेखा किया है। पधर में मिनी सचिवालय की नींव रखी गई तो शिलान्यास पट्टिका रातों-रात बनाई गई। जवाहर ठाकुर ने आरोप लगाया कि मिनी सचिवालय के नाम पर लोगाें से छल किया जा रहा है, जबकि इसके लिए बजट का प्रावधान नहीं है। सेंक्चुरी एरिया से मुक्त होेने के बावजूद बरोट-मियोट, वाचिंग-लपास, रोलंग सड़क को सुधार नहीं हुआ, जबकि पंजौडी नाला पेयजल योजना भी ठप पड़ी है। इस अवसर पर द्रंग भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महामंत्री दलीप ठाकुर, बरोट पंचायत प्रधान सुभाष चंद व बीडीसी सदस्य राम सिंह आदि मौजूद थे।
