
गोपेश्वर। जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे मरीज पर बदरीनाथ हाईवे बंद होना भारी पड़ा। बृहस्पतिवार को मरीज की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन मार्ग बंद होने की वजह से वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए और उन्होंने चमोली में दम तोड़ दिया।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में अलकनंदा वन प्रभाग के कर्मी कमल सिंह को पाइल्स के आपरेशन के लिए ओटी में ले जाया गया। बेहोशी का इंजेक्शन देने के बाद उन्हें झटके आने लगे, जो दिनभर चलते रहे। स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन बदरीनाथ हाईवे के मैठाणा में अवरुद्ध होने पर उन्हें वापस जिला अस्पताल लाते वक्त उन्होंने चमोली के पास दम तोड़ दिया।
सीएमओ डा. अजीत गैरोला ने बताया कि मरीज को देहरादून रेफर करने के लिए हेलीकॉप्टर भी मांगा, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर मुहैया नहीं हो पाया। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
