
चमोली/पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे बुधवार को क्षेत्रपाल के पास अवरुद्ध रहा। यहां अपराह्न दो बजे हाईवे का पुश्ता धंसने से वाहनों का आवागमन थम गया। सीमा सड़क संगठन ने पीपलकोटी, जोशीमठ के लिए भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो गई है। यहां सिर्फ हल्के वाहनों की आवाजाही ही कराई जा रही है। 16/17 जून के जलप्रलय के बाद क्षेत्रपाल में अलकनंदा का रुख हाईवे की ओर हो गया है, इससे यहां जबरदस्त भू-कटाव हो रहा है।
चमोली निवासी सुदर्शन शाह का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे घोलतीर से लामबगड़ तक तंग हालत में पहुंच गया है। हाईवे पर कई जगह पुश्ते चटख धूप में भी भरभराकर गिर रहे हैं। इधर, सीमा सड़क संगठन के द्वितीय कमान अधिकारी आरएल सराटे का कहना है कि मेठाणा में हाईवे को वाहनों के चलने लायक बना दिया गया है। क्षेत्रपाल में हाईवे का पुश्ता धंस जाने से दिक्कत आ गई है। नदी की ओर से पुश्ता निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार तक हाईवे सुचारु कर दिया जाएगा।
