बदमाशों ने फिर लूटी महिला की चेन

देहरादून। सब्जी लेकर घर लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर लोग एकत्रित हुए, लेकिन इससे पहले आरोपी बाइक सवार फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद देर रात तक चेकिंग अभियान चलाती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
नेहरू कॉलोनी सी-ब्लॉक निवासी केंद्रीय संस्थान में एकाउंट अफसर चिंतामणि शर्मा की पत्नी कपोतरी शर्मा शुक्रवार की रात नौ बजे धर्मपुर मंडी में सब्जी लेने गई थी। रात पौने दस बजे लौटते समय जैसे ही उन्होंने अपने ब्लॉक में प्रवेश किया, बाइक सवार दो युवक पीछे से आ धमके। जब तक कपोतरी शर्मा कुछ समझ पातीं बदमाश गले से चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि आरोपी काले रंग की बाइक पर सवार थे और हेलमेट पहन रखा था। शोर शराबे पर कुछ लोगों ने बाइक सवारों का पीछा भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

दो दिन में लूट की दो वारदात
देहरादून। दो दिन में दो लूट की वारदात को अंजाम देकर बदमाशों ने पुलिस के लिए चुनौती पेश की है। बदमाशों ने पहले तड़के कुंडल लूट को अंजाम दिया और अगले दिन ही रात में चेन लूट लिया। एक के बाद एक वारदात से सेक्टर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर को चार हिस्सों में बांटकर अधिकारियों ने सेक्टर जोन बनाए थे। हर जोन का प्रभार एक दारोगा के जिम्मे सौंपा गया था, ताकि खासतौर पर चेन लूट की घटनाओं को काबू किया जा सके। लेकिन इसके विपरीत बदमाशों ने एक के बाद एक हर सेक्टर में वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। शुक्रवार देर रात को जहां पर चेन लूट की घटना हुई वहां से कुछ दूरी पर नेहरू कॉलोनी चौकी है।

कुछ मामले-
9 अप्रैल- ग्राफिक एरा की स्कूटी सवार छात्रा का पर्स लूटा।
9 अप्रैल- हरिद्वार बाईपास में महिला से पर्स लूटा।
28 अप्रैल- आराघर में महिला से बाइक सवारों ने पर्स लूटा।
9 मई- गढ़ी कैंट में बाइक सवारों ने युवती से चेन लूटने का किया प्रयास।
31 मई- जीएमएस रोड पर बाइक सवारों ने कुंडल लूटे।
01 जून- नेहरू कॉलोनी में महिला की चेन लूटी।

Related posts