
भगेड़ (बिलासपुर)। बस किराये में की गई बढ़ोतरी पर भगवा बिग्रेड उग्र हो गई है। स्वामी विवेकानंद कालेज घुमारवीं में बस किराया में की गई बढ़ोतरी पर बिफरे एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हल्ला बोलते हुए माहौल गरमा दिया। प्रदेश सरकार के खिलाफ कालेज परिसर में जोरदार नारेबाजी की। परिसर में रैली निकालते हुए बस किराये में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग उठाई।
राज्य सरकार ने हाल ही में बस किराये में बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर कैंची चलाई है। न्यूनतम किराया तय करने साथ ही करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। इस पर धरने-प्रदर्शन का दौर जारी है। शनिवार को घुमारवीं कालेज में एबीवीपी से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर माहौल गरमा दिया। एबीवीपी का कहना है कि किराये में की गई बढ़ोतरी के कारण कालेज और स्कूलों के विद्यार्थियों को भारी दिक्कत हो रही है। एससीए अध्यक्ष निशांत गौतम, सचिव कल्पना शर्मा, सह सचिव राजेंद्र पाल ने कहा कि भले ही सरकार कालेज छात्रों को अब चंद किलोमीटर के भी भारी पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। इससे गरीब छात्रों के हाथ से शिक्षा दूर हो जाएगी। स्कूलों के लिए मुफ्त बस सेवा तो शुरू कर दी है, किंतु अधिकतर रूटों पर एचआरटीसी की बसें समय पर नहीं चल रही। इस वजह से स्कूलों के छात्रों को भी जेब ढीली कर निजी बसों में सफर करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। रैली में विद्यार्थी परिषद के इकाई अध्यक्ष रोहित धीमान, नरेंद्र पाल, मनीष शर्मा, नीरज कुमार, राहुल कुमार, राहुल ठाकुर, अक्षय, अर्चना, प्रियंका, रजनी शर्मा, अमित गौतम, कल्पना, अभिषेक, अनु माला, निशा, जोगिंद्र, रमन, मुृबसिर अशरफ आदि मौजूद थे।
