
रुद्रपुर। डीआईजी ने थानावार अपराध समीक्षा बैठक में लंबित पड़ी विवेचनाओं पर नाराजगी जताई। साथ ही उनके शीघ्र ही निस्तारण करने को कहा। उन्होंने वर्षों पुराने मामलों की जांच पूरी न होने पर भी स्पष्टीकरण मांगा।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित जिले की अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी जीएन गोस्वामी ने कहा कि जिले की कानून व्यवस्था में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना होगा। जिले में आपराधिक वारदातों की रोकथाम को पुलिस गश्त में तेजी लाने के साथ ही यूपी पुलिस से भी संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्धों पर भी नजर रखने को कहा। डीआईजी ने जिले में लंबित पड़ी विवेचनाओं पर सभी क्षेत्राधिकारियों को नजर रखने के साथ ही शीघ्र निस्तारण करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिले में बढ़ रही तस्करी व नकली नोटों के मामले में भी खुफिया विभाग को सक्रिय रहने को कहा। बैठक में एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल, एएसपी यशवंत सिंह चौहान, सीओ लाइन रमेश चंद्र जोशी, सीओ मुकेश ठाकुर, रेनू लोहनी, प्रकाश चंद्र, जीसी टम्टा, राजेंद्र सिंह हयांकी समेत थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज मौजूद थे।
