बड़े डिफाल्टरों को अंतिम मौका

सुंदरनगर (मंडी)। गृहकर वसूली पर नप सुंदरनगर गंभीर हो गई है। सौ बड़े डिफाल्टरों की सूची तैयार हो गई है। इनसे 30 हजार से अधिक राशि गृहकर के रूप में वसूल की जानी है। हालांकि, नप ने गृहकर वसूली के लिए बीच का रास्ता अपनाने का फैसला लिया है। अगर गृहकर दाता अपना गृहकर एक मुश्त देने की स्थिति में नहीं तो उससे किस्तों में यह राशि वसूली जाएगी।
छोटे गृहकर दाताओं से भी बकाया गृहकर वसूलने के लिए डोर-टू-डोर मुहिम चलाई जाएगी। नप लाखों रुपये गृहकर के रूप में वसूल कर इस राशि को विकास में लगाने की योजना बना रही है। नगर परिषद सुंदरनगर को गृहकर के रूप में करीब 90 लाख की रुपये की राशि लोगों से वसूलनी शेष है। हालांकि, राशनकार्ड बनाते समय नप ने करीब बीस लाख की राशि गृहकर के रुप में लोगों से वसूल ली है। बड़े डिफाल्टरों से गृहकर वसूल न होने पर उनके खिलाफ कोर्ट में मामला दायर करने का भी नगर परिषद ने फैसला लिया था।
इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा पार्षदों से विचार विमर्श के उपरांत डिफाल्टरों को एक और मौका देने का फैसला लिया गया है। इस बीच कई डिफाल्टरों ने नगर परिषद को गृहकर अदा करने की मंशा तो जताई परंतु बकाया राशि एकमुश्त देने में असमर्थता जताते हुए उन्हें इसके लिए समय देने की मांग रखी।
इस पर नगर परिषद ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें अंतिम मौका देने का निर्णय लिया है। इधर, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बताया कि डिफाल्टरों के लिए अंतिम मौका है। अगर इस बार डिफाल्टरों ने गृहकर नहीं चुकाया तो इनके नाम सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करने पर विचार चल रहा है।

Related posts