
पपरोला/ बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ की दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में विकास कार्यों में लाखों के घोटाले का आरोप लगा है। गांव के चार लोगों ने आरटीआई के तहत मिली जानकारी के आधार पर कुछ माह पहले डीसी कांगड़ा से शिकायत की थी कि पंचायत में मनरेगा व बैकवर्ड एरिया प्लान के तहत करवाए कार्यों में भारी गोलमाल हुआ है। डीसी ने बीते मई में इसकी जांच के आदेश दिए थे। मामले की जांच के लिए बैजनाथ ब्लाक से टीम वीरवार को बड़ा भंगाल रवाना हो रही है।
पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बड़ा भंगाल निवासी परस राम, मनसा राम, अर्जुन व चमारू राम ने डीसी को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि खोल नाला में क्रेट वर्क, पलाचक से झेरठी के लिए रास्ते का निर्माण व मनरेगा के तहत पनिहालटू में खच्चर मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों में कथित तौर पर लाखों के सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। अब डीसी के आदेश पर बैजनाथ ब्लाक के एसडीओ आत्म सिंह की अगुवाई में जांच टीम का गठन किया गया है, जिसमें पंचायत निरीक्षक व जेई शामिल हैं। यह टीम शिकायत की जांच के लिए पैदल ही बैजनाथ से बड़ा भंगाल रवाना होगी। पंचायत निरीक्षक अरुण गुलेरिया ने इसकी पुष्टि की है।
उधर, बड़ा भंगाल पंचायत प्रधान चुनी लाल ने कहा कि पंचायत में विकास कार्य पूरी पारदर्शिता से हुए हैं और वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। चंद लोग राजनीतिक दबाव के चलते पंचायत पर गलत आरोप लगा रहे हैं। जांच में दूध का दूध व पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वह गलत आरोप लगाने वालों के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
