बड़ाच में 93 लाख से बनेगा पीएचसी

रामपुर बुशहर। (संदीप वर्मा)सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में एक वर्ष के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर 3 तीन करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई। वे रविवार को बड़ाच में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होेंने बताया कि 93 लाख रुपये की राशि से बनने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों सहित अन्य सुविधाएं भी होंगी।
इस स्वास्थ्य केंद्र के बनने से बड़ाच पंचायत के अतिरिक्त देलठ करांगला, थैली-चक्टी और चार अन्य पंचायतों के लगभग 18 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। रामपुर क्षेत्र में सभी पंचायतों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है और ननखड़ी में कॉलेज के लिए सरकार ने 5 करोड़ रुपये की राशि घोषित की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ते हुए रामपुर में ट्रामा सेंटर खोलना भी इस कड़ी में एक अभूतपूर्व सफलता है।
इससे पूर्व सांसद ने राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला दत्तनगर के 30 लाख से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल ने कहा कि पूर्व में भी प्रतिभा सिंह ने सांसद रहते हुए लोकसभा में हिमाचल विशेष रूप से शिमला क्षेत्र की समस्याओं को उठाया था। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश और केंद्र सरकार से विभिन्न योजनाएं और धन प्राप्त हुआ है।
इस मौके पर एसडीएम रामपुर दिलीप नेगी, डीएसपी सोम दत्त, बीडीओ रामपुर बुद्धराम, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बृज लाल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सतीश वर्मा, महासचिव जेएल डमालू, प्रदेश कांग्रेस महासचिव चंद्रप्रभा नेगी, नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष दीपक सूद, बीडीओ ननखड़ी, लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता केके कौशल, जिला परिषद सदस्य पदमा कुमारी, राम दासी, बड़ाच पंचायत की प्रधान विद्योतमा देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts