
कांगड़ा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी देवी मंदिर की हर गतिविधि पर जिलाधीश की नजर रहेगी। मंदिर में श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं से लेकर काउंटिग रूम की हर गतिविधि का जायजा जिलाधीश धर्मशाला स्थित अपने कार्यालय में बैठे-बैठे ही ले सकेंगे। बज्रेश्वरी मंदिर में फुल एचडी सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इन कैमरों की कनेक्टिविटी सीधे डीसी आफिस से जोड़ दी गई है। फुल एचडी फीचर से लेस इन कैमरों में जूमिंग जैसी सुविधाएं हर ब्योरे को बारीकी से कैद करने में सक्षम हैं। सीसीटीवी कैमरों ने काम करना शुरू कर दिया है। अब कोड मिलते ही मंदिर की हर गतिविधि का ब्योरा जिलाधीश की आंखों के सामने होगा।
मां बज्रेश्वरी के मंदिर में 10 सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। तकरीबन तीन लाख रुपये की लागत से लगाए गए इन कैमरों में कैद हो रहा पल-पल का ब्योरा डीसी आफिस से इंटर लिंक रहेगा। बात चाहे सुरक्षा व्यवस्था की हो या फिर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की, सारी जानकारी नवीनतम टेक्नोलॉजी से लेस सीसीटीवी कैमरों से लाइव देखी जा सकेगी। यहां तक कि लंगर व्यवस्था से लेकर गर्भ गृह में माता के दर्शर्न के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी देखा जा सकेगा। मंदिर प्रशासन ने मुख्य दीवार, गर्भ गृह में दो, मंदिर प्रांगण में दो, लंगर भवन में एक, काली माता मंदिर में एक, काउंटिग रूम में एक सहित 10 सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इससे जहां हर कार्य में पारदर्शिता आएगी, वहीं मंदिर की हर गतिविधि जिलाधीश कार्यालय से इंटरलिंक रहेगी।
