
भगेड़/ घुमारवीं (बिलासपुर)। कूड़ा संयंत्र केंद्र नगर परिषद घुमारवीं के लिए गले की फांस बन गया है। अब तक बिलासपुर नगर परिषद में शहर का कूड़ा ठिकाने लगाया जा रहा था। बिलासपुर नगर परिषद के इंकार करने के बाद अब बजोहा में कूड़ा संयंत्र केंद्र बनाने की मुहिम तो शुरू हो गई है। लेकिन, लोगों के विरोध के चलते नगर परिषद का प्रोजेक्ट फिलहाल अधर में लटकता नजर आ रहा है। सोमवार को नगर परिषद की गाड़ी बजोहा वार्ड में कूड़ा पलटने के लिए गई तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए गाड़ी को कूड़ा नहीं फेंकने दिया। इस पर काफी देर यहां माहौल तनावपूर्ण रहा। अंतत: गाड़ी को वापस लाना पड़ा।
घुमारवीं शहर के कूड़े को ठिकाने लगाने के लिए पहले अंबेडकर भवन के साथ वाली जगह चिन्हित की गई है। लेकिन, यहां लोगों के विरोध के कारण इसे बजोहा में शिफ्ट किया जा रहा है। इससे पहले दकड़ी चौक को भी इसके लिए चिन्हित किया गया था। बजोहा में साइट भी मंजूर हो गई है। यहां पर लाखों का खर्चा भी किया गया, लेकिन अब इलाके के कुछ लोग विरोध में उतर आए हैँ। आज सुबह नगर परिषद की गाड़ी जब यहां कूड़ा फेंकने आई तो स्थानीय महिला मंडल ने इसका विरोध किया। जमकर नारेबाजी भी की गई। विंद्रा देवी, कांता, केसरी, गीता, मीरा, राधा, नीलम, रत्नी, वीना, संजया, राजेंद्र, रामेश, सीता राम, सतपाल, रामलाल, कमलेश, मंजू ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। पहले नगर परिषद ने महिला मंडल भवन के बहाने यहां पर शेल्टर हाउस निकाला है। उसे के बाद सीवरेज का टैंक बना अब शहर के कचरे को भी यहां फेंका जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि गाड़ी कुछ लोगों ने रोकी है। उनके अनुसार साइट मंजूर हुई है। कुछ लोगों का विरोध ठीक नहीं है। इस पर पहले खर्चा भी किया गया। उस वक्त तो विरोध नहीं हुआ था।
