बजट से खुश नहीं बागवान : हरिचंद

मनाली। जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने कहा कि केंद्र द्वारा पेश आम बजट से कुल्लू-मनाली के बागवान खुश नहीं हैं। सेब पर आयात शुल्क न बढ़ाने से प्रदेश के बागवानों को निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि सेब हिमाचल की आर्थिकी है और विदेशी सेब देशी सेब पर भारी पड़ रहा है। इसके चलते आयात शुल्क का बढ़ाया जाना जरूरी था, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा न कर बागवानों के हितों की अनदेखी की है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सेना की दृष्टि से महत्वपूर्ण लेह को रेल से जोड़ना अति आवश्यक है। बावजूद रेल बजट में भानुपल्ली-लेह रेल परियोजना को बजट में स्थान न देकर हिमाचल की अनदेखी की गई है। आम बजट में बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया गया है। हिमाचल में आईआईएम की घोषणा स्वागत योग्य है, लेकिन कुल मिलाकार बजट निराशाजनक रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक पैकेज बहाली का कोई जिक्र नहीं किया गया है, जिससे प्रदेशवासी मायूस हैं। पर्यटन सर्कल विकास में हिमाचल का कोई जिक्र न कर प्रदेशवासियों से भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को आम बजट से बहुत आशाएं थीं लेकिन सभी धरी की धरी रह गईं।

Related posts