
अर्की (सोलन)। समेकित बाल विकास सेवा के तहत कुनिहार विकास खंड के एक दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 25 लाख जारी करने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू ही नहीं किया गया है। इस संदर्भ में आयोजित बैठक में खंड विकास अधिकारी कुनिहार के माध्यम से आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में हो रही देरी तथा अधूरे कार्य पूरे करने पर कमेटी सदस्यों ने सुझाव रखे। बैठक एसडीएम अर्की एलआर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस मौके पर कमेटी सचिव एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी एचसी शर्मा ने गत महीनों के दौरान विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। एसडीएम एवं खंड स्तरीय कमेटी अध्यक्ष एसएल वर्मा ने बीडीओ कुनिहार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीपीओ एचसी शर्मा ने बताया कि कुनिहार विकास खंड के तहत 274 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन एक दर्जन पर्यवेक्षक वृत्तों द्वारा किया जा रहा है। वर्ष 2008 में आठ आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण हेतु विभाग द्वारा 16 लाख की राशि जारी की गई है। 17 आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन तथा रसोई एवं शौचालय निर्माण के लिए 40 लाख प्रदान किए गए हैं। वहीं एक दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 25 लाख जारी करने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू ही नहीं किया गया है। जिस पर कमेटी ने आवश्यक पग उठाने की सिफारिश की है ।
बैठक में पूरक पोषाहार, शालापूर्व शिक्षा, वृद्धि आंकलन, स्वास्थ्य जांच, आंगनबाड़ी केेंद्रों के दौरे, ग्रामीण स्तरीय समितियां व बालिका और महिला सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। माता शबरी योजना के तहत डेढ़ सौ बीपीएल परिवारों को रसोई गैस मुहैया करवाई गई है। वहीं स्थानीय विकास खंड के तहत 67 नए आवेदन संबंधित विभाग को स्वीकृति हेतु भेजे गए हैं। बैठक में बीएमओ अर्की डा. एसएल वर्मा, प्रकृति पर्यावरण एवं कल्याण परिषद के सदस्य सचिव एनके ठाकुर, कृषि विकास अधिकारी मनोज कुमार, उद्योग प्रसार अधिकारी तथा सर्व शिक्षा अभियान एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
